जालंधर, 27 जनवरी (ब्यूरो):
जालंधर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक फरवरी को जालंधर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा सच्चखंड बल्लां में पहुंचेंगे। यह दौरा गुरू रविदास जी महाराज के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रस्तावित किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी डेरा सच्चखंड बल्लां में माथा टेककर गुरू रविदास जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और वहां आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे की पुष्टि वरिष्ठ भाजपा नेता विजय सांपला ने की है।
विजय सांपला ने बताया कि गुरू रविदास जी महाराज के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री विशेष रूप से जालंधर आ रहे हैं। इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्र सरकार ने डेरा सच्चखंड बल्लां के गद्दीनशीन संत निरंजन दास जी महाराज को पद्मश्री सम्मान देने की घोषणा की है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित इस सम्मान के तहत उन्हें समाज सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
संत निरंजन दास जी महाराज को दुनियाभर में फैले रविदासिया समुदाय के आध्यात्मिक मार्गदर्शक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने वंचित और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए कई अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों की स्थापना की है। पद्मश्री सम्मान की घोषणा के बाद पंजाब सहित देश-विदेश में उनके अनुयायियों में खुशी की लहर है।
भाजपा नेतृत्व की ओर से संत निरंजन दास जी महाराज को बधाइयां देने का सिलसिला भी जारी है। वरिष्ठ नेताओं ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह प्रस्तावित जालंधर दौरा धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

