जालंधर पुलिस ने अर्बन स्टेट फेस-2 में हुई कथित 19.10 लाख रुपये की लूट की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि यह असली लूट नहीं, बल्कि बीमा क्लेम लेने के लिए रची गई साजिश थी।
एडीसीपी हरविंदर सिंह गिल के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भीमा उर्फ फूल कुमार और अभि निवासी खुरला किंगरा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि आर्टिफिशियल ज्वेलरी कारोबारी दंपति प्रिया वर्मा और उनके पति रामानंद वर्मा ने ही उन्हें झूठी लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए कहा था। इसके बदले दोनों को 7 हजार रुपये दिए गए थे।
6 फरवरी को दंपति ने थाना सात में शिकायत दर्ज करवाई थी कि अर्बन स्टेट में पेमेंट देने पहुंचे थे, तभी बाइक सवार युवकों ने कैश से भरा बैग छीन लिया। लेकिन सीसीटीवी फुटेज, ह्यूमन सोर्सेस और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों झपटमारों को गिरफ्तार कर साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
फिलहाल आरोपी दंपति फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

