जालंधर के गढ़ा इलाके में स्थित क्रिस्टल स्पा सेंटर इन दिनों विवादों में घिरा हुआ है। आरोप है कि स्पा सेंटर में विदेशी महिलाओं के माध्यम से अवैध गतिविधियां करवाई जा रही हैं, जिसमें पुलिस के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत भी बताई जा रही है। हाल ही में सामने आए एक नए विवाद ने इस मामले को और गरमा दिया है।
जानकारी के अनुसार, बीते दिन एक ग्राहक मसाज के बहाने स्पा सेंटर पहुंचा। इस दौरान उसने एक विदेशी महिला से आपत्तिजनक मांग की, जिसे महिला ने ठुकरा दिया। इससे नाराज होकर ग्राहक ने महिला के साथ मारपीट कर दी, जिसके बाद स्पा सेंटर में हंगामा हो गया।
सूत्रों के मुताबिक, मामले की जानकारी स्पा सेंटर के मालिक तक पहुंची, लेकिन आरोप है कि उसने मामले को दबाने की कोशिश की। यहां तक कि स्पा सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ भी कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई ताकि सच्चाई सामने न आ सके।
बताया जा रहा है कि स्पा सेंटर का मालिक हाल ही में थाईलैंड से लौटा है और उस पर यह भी आरोप हैं कि वह विदेशी महिलाओं को यहां लाकर इस धंधे में शामिल करता है। साथ ही, उसके खिलाफ थाने में अन्य शिकायतें भी चल रही हैं।
हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले में पुलिस के कुछ कर्मचारियों की संलिप्तता के आरोप भी लगाए जा रहे हैं, जिसके चलते उच्च अधिकारियों तक सही जानकारी नहीं पहुंच पा रही। वहीं, यह भी कहा जा रहा है कि स्पा मालिक की कुछ पुलिसकर्मियों के साथ नजदीकियां हैं, जिसके चलते शिकायतों में भी पक्षपात किया जाता है।

