जालंधर, 24 जून: नगर निगम ने बुधवार को शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नागरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। निगम की बिल्डिंग ब्रांच की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बिना मंजूरी काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर जेसीबी मशीनें चलाकर सड़कों, प्लॉटों की निशानदेही और अन्य निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित कॉलोनी की मंजूरी नहीं ली गई थी और इसे नियमों के विरुद्ध विकसित किया जा रहा था। अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण और बिना अनुमति काटी जा रही कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी सरकारी मंजूरी और दस्तावेजों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

