जालंधर, 24 जून। प्रसिद्ध मां राजराजेश्वरी कामाख्या देवी धाम, कोट सदीक गाखला पुल में मां कामाख्या पर्व एवं अंबुवाची मेले के उपलक्ष्य में 25 जून को भव्य एवं विशाल हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
धाम के प्रमुख सेवादार विक्रम भसीन ने बताया कि 22, 23 और 24 जून को भी हवन यज्ञ आयोजित किए गए थे। 25 जून (वीरवार) को सुबह 6 बजे से 7 बजे तक विशेष हवन यज्ञ संपन्न कराया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक मोनू नीलकंठ द्वारा मां कामाख्या देवी के विभिन्न दिव्य स्वरूपों के दर्शन करवाए जाएंगे। इस दौरान भक्तों को माता रानी की महिमा का श्रवण एवं आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होगा।
विक्रम भसीन ने जालंधर और आसपास के क्षेत्रों के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार इस विशाल हवन यज्ञ में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मां कामाख्या पर्व एवं अंबुवाची मेले के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष संगम होगा।

