तरनतारन| 11 अक्टूबर पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नूआ इलाके में रविवार शाम पंजाब पुलिस के ASI इकबाल सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, 55 वर्षीय ASI इकबाल सिंह फिरोजपुर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात थे। रविवार को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 7:30 बजे जब वह नौशहरा से लोहका रोड पर स्थित पटवारखाने के पास पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
⚠️ एक महीने पहले भतीजे की भी हुई थी हत्या
इस मामले को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब एक महीने पहले ही ASI इकबाल सिंह के भतीजे की भी हत्या कर दी गई थी। अब खुद ASI की हत्या के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, दोनों वारदातों के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
🚔 मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और DSP पट्टी रवि शेर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और आरोपियों की पहचान करने के लिए CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों के बारे में जांच जारी है।
अब सबसे बड़ा सवाल—ASI इकबाल सिंह की हत्या किसने और क्यों की? क्या इस वारदात का उनके भतीजे की हत्या से कोई संबंध है? जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी।

