जालंधर ( सतीश कश्यप ): फगवाड़ा गेट मार्केट में अवैध निर्माण को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि एमके इलेक्ट्रॉनिक्स की एक ही दुकान पर नगर निगम द्वारा लगाई गई सील को तोड़कर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। नियमों की अनदेखी करते हुए दुकान की इमारत को तीसरी मंजिल तक तैयार कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार इस इमारत पर कांग्रेस सरकार के समय कार्रवाई करते हुए निगम ने सील लगाई थी, लेकिन अब उसी सील को उखाड़कर कथित तौर पर नगर निगम की मिलीभगत से निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ अधिकारियों को मोटी रकम देकर एक दलाल के जरिए सैटिंग की गई, जिसके बाद कार्रवाई रोक दी गई।
फगवाड़ा गेट मार्केट, जो नगर निगम मुख्यालय के पास स्थित है, वहां अन्य अवैध कमर्शियल निर्माणों की भी चर्चा है। लोगों का कहना है कि शिकायतें करने के बावजूद निगम की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
मामला मुख्यमंत्री कार्यालय और पंजाब विजीलैंस ब्यूरो तक पहुंचने के बाद अब प्रशासन में हलचल बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक विजीलैंस की जांच के बाद बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
फिलहाल नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है

