ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच पंजाब में एलपीजी (LPG) संकट गहराता जा रहा है। जानकारी के अनुसार राज्य में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई लगभग रुक गई है, जिससे होटल, ढाबों और कैटरिंग कारोबार पर बड़ा असर पड़ रहा है। होटल संचालकों का कहना है कि गैस की कमी के कारण उन्हें मजबूरी में महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने पड़ रहे हैं। अगर जल्द ही स्थिति सामान्य नहीं हुई तो शादियों और बड़े समारोहों पर भी इसका असर पड़ सकता है।
वहीं घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए भी चिंता की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पंजाब के कई जिलों में घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग प्रभावित हो रही है। खबर है कि सर्वर डाउन होने के कारण कई जगहों पर सिलेंडर की बुकिंग फिलहाल बंद हो गई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह हो गई है कि गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई लोग गैस की संभावित कमी के डर से पहले ही सिलेंडर भरवाने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। इस कारण एजेंसियों पर भीड़ बढ़ती जा रही है।
गैस की कमी को लेकर उद्योग जगत में भी चिंता का माहौल है। यदि सप्लाई जल्द बहाल नहीं हुई तो इसका असर होटल इंडस्ट्री के साथ-साथ छोटे कारोबार और घरेलू उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है। फिलहाल लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही सर्वर समस्या और गैस सप्लाई की दिक्कत को ठीक कर स्थिति सामान्य की जाएगी।

