जालंधर ( सतीश कश्यप ) वेस्ट हलके के गांव कादियां, काला सिंघा रोड स्थित एक कबाड़ के गोदाम में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
घटना के दौरान गोदाम में रखा कबाड़, एक बाइक सहित अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग ने पास स्थित एक घर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा सामान भी जल गया। इस हादसे में प्रभावित व्यक्ति का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह अचानक गोदाम में आग भड़क उठी। शुरुआत में लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण फायर ब्रिगेड कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वहीं, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग करीब एक घंटे देरी से मौके पर पहुंचा, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को घटना स्थल से दूर रखा गया। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।

