जालंधर, ( सतीश कश्यप ) विदेश भेजने के नाम पर कथित ठगी के मामले में पीड़ित को पिछले तीन साल से दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि जपनूर ट्रैवल एजेंट ने उसे कनाडा भेजने का झांसा देकर करीब 45 लाख रुपये ले लिए। जब वह एयरपोर्ट पहुंचा तो पासपोर्ट स्कैन नहीं हुआ, जिससे उसे शक हुआ कि लगाया गया वीजा नकली है।
पीड़ित का कहना है कि एजेंट ने कई बार पैसे वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन आज तक रकम नहीं लौटाई गई। लंबे समय से परेशान पीड़ित ने किसानों के साथ मिलकर आज ट्रैवल एजेंट के दफ्तर के बाहर धरना दिया और प्रशासन से न्याय की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कहा कि यदि जल्द पैसे वापस नहीं कराए गए और एजेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है और जांच की मांग की गई है।
फिलहाल पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।

