जालंधर के मॉडल टाउन क्षेत्र में 31 मार्च से पहले लगाई गई शराब और बीयर की सेल के दौरान नियमों की खुलेआम अनदेखी देखने को मिली। शिवानी पार्क के पास स्थित ठेके के बाहर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही, जहां लोग सस्ते दामों पर शराब खरीदने के लिए जुटे।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि लोग स्कूटर और गाड़ियों में शराब की पेटियां भरकर ले जा रहे हैं। कई लोग एक-दो नहीं बल्कि एक-एक और दो-दो पेटियां तक ले जाते नजर आए। जबकि नियमों के अनुसार एक व्यक्ति निर्धारित सीमा से अधिक शराब नहीं रख सकता।
हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान से यह शराब ले जाई जा रही थी, वहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस का नाका भी लगा रहता है। इसके बावजूद दिन-दहाड़े इस तरह से पेटियों की ढुलाई होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
सूत्रों के अनुसार रविवार होने के कारण दोपहर से ही यह नजारा देखने को मिल रहा था और देर शाम तक लोगों की भीड़ लगी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल 31 मार्च से पहले ठेकेदार स्टॉक क्लियर करने के लिए सस्ती सेल लगाते हैं, लेकिन इस दौरान नियमों का पालन नहीं होता।
मामले की जानकारी जब एक्साइज विभाग को दी गई तो संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

