जालंधर ( सतीश कश्यप ) जेपी नगर स्थित स्वामी संत दास पब्लिक स्कूल के बाहर आज एक गंभीर घटना सामने आई, जहां दो छात्रों के बीच पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद गेट नंबर 4 के बाहर एक छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर 12वीं के छात्र पर किरपाण और अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में घायल छात्र के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे खून से लथपथ हालत में उसके साथी घर लेकर पहुंचे, जिसे देखकर परिजन घबरा गए। तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पीड़ित छात्र की मां के मुताबिक, विवाद की शुरुआत क्लास में मामूली हंसी-मजाक से हुई थी। उस समय स्कूल के शिक्षक आदित्य ने दोनों पक्षों के बीच समझौता भी करवा दिया था, लेकिन अंदरूनी रंजिश खत्म नहीं हुई। छुट्टी के बाद आरोपी छात्र हिमालय ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया।
परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद स्कूल प्रबंधन इस मामले से पल्ला झाड़ रहा है। घायल छात्र के पिता के अनुसार, घटना के एक घंटे बाद तक न तो आरोपी छात्र स्कूल में मौजूद था और न ही प्रिंसिपल से कोई संपर्क हो सका।
वहीं, दूसरी ओर हमलावर छात्र की मां का कहना है कि इस झगड़े में उनका बेटा भी घायल हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उन पर समझौते का दबाव भी बनाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

